दंतेवाड़ा में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, 3 IED समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
CRPF और दंतेवाड़ा पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में मिली सफलता, बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही विस्फोटकों को किया निष्क्रिय
दंतेवाड़ा जिले के तोड़मा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन आईईडी बरामद किए गए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इसके अलावा जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक सामग्री और युद्ध उपकरणों का बड़ा जखीरा भी जब्त किया गया। सुरक्षा बलों की सतर्कता से संभावित बड़े नुकसान को टालने में सफलता मिली है।
दंतेवाड़ा। जिले के तोड़मा गांव के घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की गतिविधियों पर बड़ा प्रहार किया है। खुफिया सूचना के आधार पर CRPF की 195वीं बटालियन और दंतेवाड़ा पुलिस की टीम ने इलाके में विशेष अभियान चलाया, जिसमें विस्फोटक सामग्री और हथियारों का बड़ा भंडार बरामद किया गया।
अभियान के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। सतर्कता बरतते हुए पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षित किया गया और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर बुलाया गया। जांच में दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप बम बरामद हुआ। विशेषज्ञ टीम ने अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए तीनों विस्फोटकों को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
इसके बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और युद्ध सामग्री का जखीरा मिला। बरामद सामान में बीजीएल, .303 रायफल से जुड़ी सामग्री, एयर रायफल, विभिन्न प्रकार की मैगजीन, कारतूस, वायरलेस सेट, गन पाउडर, कॉर्डेक्स वायर, डेटोनेटर, गैर-विद्युत विस्फोटक, 51 एमएम बम, दूरबीन, नक्सली वर्दी, कॉम्बैट बेल्ट, मल्टीमीटर, कैमरा फ्लैश, इलेक्ट्रिक कंट्रोल यूनिट, बैटरियां, इलेक्ट्रिक स्विच और टेलीफोन वायर शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सलियों ने यह सामग्री सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और क्षेत्र में हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने के उद्देश्य से जमा कर रखी थी। समय रहते हुई कार्रवाई से एक बड़ी नक्सली साजिश पर पानी फिर गया।
ऑपरेशन के सफल समापन के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने बेस कैंप लौट आए। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में निगरानी और सर्च अभियान जारी रखने की बात कही है, ताकि नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
suntimes 