स्वामी आत्मानंद स्कूल में पीलिया का प्रकोप: सातवीं की छात्रा ने तोड़ा दम, दूषित पानी से दर्जनों बीमार
एक महीने से फैला संक्रमण, प्रशासन की उदासीनता पर उठे सवाल — अभिभावक बोले, “समय पर कदम उठाए जाते तो बच जाती बच्ची”
बलरामपुर ज़िले के रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पीलिया का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। दूषित पानी के सेवन से फैल रही बीमारी ने अब तक एक छात्रा की जान ले ली है, जबकि कई बच्चे अब भी बीमार हैं। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।
रघुनाथनगर (बलरामपुर)। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पीलिया का प्रकोप गहराता जा रहा है। शनिवार को सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में गंदे और दूषित पानी की सप्लाई के चलते दर्जनों बच्चे संक्रमित हुए, लेकिन प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले स्कूल में बच्चों के बीमार पड़ने की शुरुआत हुई थी। कई छात्रों में पीलिया के लक्षण पाए गए, फिर भी पानी की जांच या सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। अभिभावकों ने बताया कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई बच्चे अब भी बुखार और पीलिया से जूझ रहे हैं।
इस मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी रायमुनि यादव ने कहा कि उन्होंने हाल ही में पदभार संभाला है। “सोमवार को मैं स्वयं स्कूल जाकर जांच करूंगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी,” उन्होंने कहा।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने शुरुआती शिकायतों पर ध्यान दिया होता तो यह दुखद घटना टल सकती थी। वर्तमान में स्कूल परिसर में दहशत और शोक का वातावरण है, जबकि अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
suntimes 