दुर्ग के अहिरी नर्सरी में महिला मजदूर की मौत:काम करने के दौरान बेहोश होकर गिरी

दुर्ग जिले में नौतपा का कहर देखने को मिल रहा है। मनरेगा के तहत अहिरी नर्सरी में काम कर रही एक महिला अचानक चक्कर खाकर बेहोश हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि गर्मी की वजह से महिला की मौत हुई है।
दरअसल, महिला की पहचान भद्रा बाई (60) निवासी अहिरी के रूप में हुई है। जनपद सदस्य भूपेंद्र कुमार साहू ने बताया कि, महिला का रजिस्ट्रेशन मनरेगा मजदूर के रूप में है। वो अहिरी गांव में उद्यानिकी विभाग के तहत संचालित नर्सरी में काम करने गई थी।
मंगलवार दोपहर में महिला नर्सरी तैयार कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वो बेहोश होकर गिर गई। आसपास काम करने वाले मजदूरों ने महिला को उठाया। इसके बाद उसे अहिरी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। नंदिनी पुलिस ने शव को पीएम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला स्थित मरचुरी भेजा है।
महिला के पति लखन ठाकुर ने कहा कि, उसके तीन बेटे और एक बेटी है। सभी की शादी हो चुकी है। बुजुर्ग होने के बाद भी वो दोनों पति-पत्नी मेहनत मजदूरी कर गुजारा बसर कर रहे थे। उसकी पत्नी रोज की तरह नर्सरी में पौधा तैयार करने गई थी। गर्मी इतनी अधिक थी की उसकी जान चली गई। पति ने कहा कि, उसकी पत्नी की मौत से उसके बुढ़ापे का सहारा छिन गया है। सरकार को चाहिए कि वो उनके जैसे बुजुर्ग के लिए कुछ ऐसा करे, जिससे उन्हें इस तरह कड़ी मेहनत का काम ना करना पड़े।