दुर्ग पहुंचे VHP के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, हिन्दुत्व और अर्थव्यवस्था पर मंथन

छत्तीसगढ़ प्रवास के प्रथम दौरे में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी आयोजित, समाज, व्यापार और शिक्षा जगत की हस्तियों ने रखे विचार

विश्व हिन्दू परिषद (VHP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार अपने प्रथम छत्तीसगढ़ दौरे पर सोमवार को दुर्ग पहुंचे। इस अवसर पर पुलगांव स्थित एक निजी भवन में “वर्तमान आर्थिक परिदृश्य में हिन्दुत्व की भूमिका” विषय पर प्रबुद्ध जन संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की।

विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार का छत्तीसगढ़ प्रांत में प्रथम आगमन दुर्ग में हुआ। उनके स्वागत को लेकर परिषद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल रहा। शाम 5:30 बजे पुलगांव स्थित एक निजी भवन में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी का मुख्य विषय “वर्तमान आर्थिक परिदृश्य में हिन्दुत्व की भूमिका” रखा गया, जिसमें बदलते सामाजिक और आर्थिक हालातों के बीच भारतीय संस्कृति, स्वदेशी विचारधारा और हिंदुत्व के मूल्यों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आलोक कुमार ने अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है और यहां समाज के विभिन्न वर्गों का उत्साह देखकर प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ना होगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। वहीं अलका बाघमार, शिक्षाविद् आई.पी. मिश्रा, उद्योगपति विजय कुमार गुप्ता और शिक्षाविद् डॉ. श्रीलेखा विरुलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

संगोष्ठी में व्यापारी, शिक्षाविद्, बुद्धिजीवी और धर्मप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा हाल के घटनाक्रमों पर भी वक्ताओं ने अपने सुझाव और दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।