दुर्ग में पहली बार गूंजेगा श्याम भक्ति का स्वर, प्रदेशभर से जुटेंगे श्रद्धालु

15 मई को पुरानी गंजमंडी में श्री श्याम भजन संध्या में प्रसिद्ध गायक देंगे भजनों की प्रस्तुति

दुर्ग में पहली बार गूंजेगा श्याम भक्ति का स्वर, प्रदेशभर से जुटेंगे श्रद्धालु

दुर्ग। धर्मनगरी दुर्ग शहर में पहली बार श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव के अंतर्गत भव्य श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन 15 मई को शाम 7 बजे से पुरानी गंजमंडी, गंजपारा में किया गया है।

 धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से महोत्सव का आयोजन खाटू श्याम ज्योतिषी परिवार दुर्ग के प्रमुख पंडित संदीप शास्त्री द्वारा किया जा रहा है। इसमें सहयोगी संस्थाओं के रूप में श्री गंजपारा दुर्गोत्सव समिति गंजपारा, श्री सत्तीचौरा मां दुर्गा मंदिर समिति, जन समर्पण सेवा संस्था एवं बोल बम सेवा समिति की सक्रिय भागीदारी रहेगी। देश के प्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल (कोलकाता), प्रेम शर्मा (राजस्थान) और ममता चौधरी (दिल्ली) द्वारा श्री श्याम के मधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

 महोत्सव में लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था के अलावा अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है। इस आयोजन को लेकर शहर ही नहीं, पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बनता दिखाई दे रहा है। उक्ताशय की जानकारी देते हुए श्री श्याम पुर्ण इच्छा महोत्सव के आयोजक एवं श्री खाटू श्याम ज्योतिष पोलसायपारा के संचालक पं. संदीप शास्त्री एवं सहयोगी संस्था जन समर्पण सेवा संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा (बंटी शर्मा) ने शुक्रवार को मीडिया से संयुक्त चर्चा में बताया कि श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव में आयोजित विराट भजन संध्या के दौरान बाबा श्याम का भव्य दरबार, अखंड ज्योति, इत्र वर्षा, छप्पन भोग प्रसादी (भंडारा) और आकर्षक लाइट-साउंड व्यवस्था आकर्षण के केन्द्र होंगे। खास बात यह रहेगी कि पूरे गंजमंडी क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से इत्र की वर्षा की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए अनूठा अनुभव बनेगा। उन्होने बताया कि महोत्सव की पिछले 15 दिनों से तैयारी चल रही है।

महोत्सव में प्रदेशभर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। जिसके चलते भव्य तैयारियां की गई है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। श्री शास्त्री और श्री शर्मा ने बताया कि दुर्ग में हाल ही में सबसे बड़ी ऐतिहासिक निशान यात्रा निकाली गई थी। जिसमें 1500 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए थे। निशान यात्रा के बाद दुर्ग में बाबा श्याम का यह दूसरा भव्य आयोजन होगा। उन्होने बताया कि श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव का खाटू श्याम ज्योतिषी परिवार द्वारा पूर्व में पिछले 5 वर्षों से राजस्थान में आयोजन किया जा रहा था।

इस वर्ष यह आयोजन दुर्ग में होने से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह का माहौल है। उन्होने प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस अवसर पर उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें और भक्ति, सद्भाव एवं सकारात्मक ऊर्जा के इस आयोजन का हिस्सा बनें। मीडिया से चर्चा के दौरान जन समर्पण सेवा संस्था के सुरेश गुप्ता, दुर्गा मंदिर समिति के गुड्डु कश्यप, मनोज गुप्ता, लाला लक्की अग्रवाल, रवि ढोके, ईशान शर्मा, गगन शर्मा, विजय गुप्ता, विनोद शर्मा, अर्जित शुक्ला, सुजल शर्मा, वासु शर्मा, वेदांत शर्मा व आयोजन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।