दुर्ग में फर्नीचर दुकान में लगी आग, दमकल ने समय रहते दो गैस सिलेंडर निकाले
डबरापारा स्थित दुकान में मची अफरा-तफरी, अग्निशमन दल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
दुर्ग के डबरापारा इलाके में मंगलवार को एक फर्नीचर दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान के भीतर रखे दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकालकर दमकल कर्मियों ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग शहर के डबरापारा क्षेत्र में स्थित एक फर्नीचर दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही जिला अग्निशमन कार्यालय की टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
जानकारी के अनुसार श्री दीपक बंसल की फर्नीचर दुकान में अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन और अग्निशमन कर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने के बाद दमकल कर्मियों ने देखा कि दुकान के कमरे से तेज आग की लपटें निकल रही थीं। खतरे को भांपते हुए टीम तुरंत सक्रिय हुई और दुकान के भीतर रखे दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग बुझाने का अभियान तेज किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया। यदि समय पर सिलेंडर नहीं निकाले जाते तो आग और भीषण रूप ले सकती थी। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव तथा कर्मचारी संतोष कुमार, जितेंद्र, भीषण, टिकेंद्र, अनंत और रामनाथ कुर्रे शामिल रहे। टीम की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
suntimes 