धमतरी पुलिस का तस्करों पर बड़ा शिकंजा, 2.60 करोड़ की गांजा खेप जब्त

धमतरी पुलिस का तस्करों पर बड़ा शिकंजा, 2.60 करोड़ की गांजा खेप जब्त

धमतरी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और वाहनों सहित कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपए आंकी गई है। इसे जिले में पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया कि मुख्य वाहन के आगे एक कार के माध्यम से पायलटिंग की जा रही थी, ताकि पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और गांजा खेप को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। पुलिस ने मुख्य तस्करों के साथ पायलटिंग कर रहे स्विफ्ट कार चालक और गांजा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन चालक को भी गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का एक युवक, रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों के तीन आरोपी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पूछताछ के दौरान पुलिस को अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपए मूल्य का 490.818 किलोग्राम गांजा, एक मारुति स्विफ्ट कार, एक महिंद्रा पिकअप वाहन और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार तस्करी में प्रयुक्त वाहनों और संचार माध्यमों का उपयोग नेटवर्क के संचालन में किया जा रहा था।

धमतरी पुलिस ने बताया कि पिछले छह सप्ताह के भीतर गांजा तस्करों के खिलाफ यह सातवीं बड़ी कार्रवाई है। लगातार की जा रही कार्रवाई से अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा सप्लाई चेन, फाइनेंसरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।