रायपुर के हाइपर क्लब में देर रात हंगामा: ‘हाय’ बोलने पर भिड़े दो पक्ष, पुलिस के सामने मारपीट
वीआईपी रोड स्थित क्लब में बवाल का VIDEO वायरल, पार्किंग में भी जारी रही झूमाझटकी
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत वीआईपी रोड स्थित हाइपर क्लब में बुधवार देर रात जमकर हंगामा हो गया। एक मामूली बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और झूमाझटकी में बदल गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार क्लब में पार्टी के दौरान एक युवक ने वहां मौजूद एक युवती को ‘हाय’ कहा, जिस पर साथ मौजूद दूसरे पक्ष के युवकों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में तब्दील हो गई।
विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति शांत होने के बजाय और बिगड़ गई। दोनों पक्ष क्लब से बाहर निकलकर पार्किंग में आ गए, जहां पुलिसकर्मियों के सामने ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की जारी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक-युवतियां आपस में उलझते रहे और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें विवाद और झूमाझटकी के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं।
इधर, शहर में क्लबों में लगातार हो रहे विवादों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के बावजूद कई क्लबों में देर रात तक पार्टियों का आयोजन जारी है।
हाल के दिनों में वीआईपी रोड स्थित एक कैफे में लेट नाइट पार्टी पर पुलिस ने कार्रवाई की थी, वहीं सेरीखेडी स्थित एक क्लब में भी आपत्तिजनक गतिविधियों का वीडियो सामने आया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले क्लब संचालकों और उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 