धमधा में चलती ट्रक से गिरा युवक, पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत
धमधा में चलती ट्रक से गिरा युवक, पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत
दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में भिलाई निवासी युवक की जान चली गई। दोस्तों के साथ घूमने के बाद लौटते समय युवक ट्रक से नीचे गिर गया और पीछे के चक्के की चपेट में आ गया। हादसे में उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। भिलाई के जामुल क्षेत्र निवासी युवक पुनीत साहू की चलती ट्रक से गिरकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गणेश नगर वार्ड क्रमांक-5 निवासी पुनीत साहू 2 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों दीपक वर्मन, विजय सिंह और अन्य साथियों के साथ धमधा घूमने गया था। दोपहर बाद लौटते समय पुनीत सिरनाभाठा स्थित वेयरहाउस से एक ट्रक (क्रमांक CG 07 CA 1141) में ड्राइवर के साथ बैठकर जामुल की ओर जा रहा था, जबकि उसके दोस्त बाइक से ट्रक के पीछे-पीछे चल रहे थे।
दोपहर करीब 2.40 बजे धमधा-बेमेतरा मुख्य मार्ग पर स्थित बड़े पुल के ऊपर ट्रक तेज गति और लापरवाही से चल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पुनीत ट्रक से नीचे गिर गया और पीछे के चक्के की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद दीपक वर्मन ने करीब 3.15 बजे फोन कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन रिश्तेदारों के साथ धमधा पहुंचे। मर्च्युरी में शव की हालत देखकर परिजन बदहवास हो गए।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक चालक पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और प्रत्यक्षदर्शी दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी चालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 