धर्म परिवर्तन का प्रयास: प्रलोभन देकर बहकाने के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार

इलाज, आर्थिक सहायता और बेटी की शादी में मदद का दिया गया था लालच, दुर्ग पुलिस ने दर्ज किया मामला

दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं द्वारा बीमारी ठीक कराने, आर्थिक सहायता और पारिवारिक सहयोग का झांसा देकर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

भिलाई। थाना पुरानी भिलाई में दर्ज शिकायत के अनुसार, पदमनगर चरोदा वार्ड क्रमांक 19 निवासी श्रीमती रूखमणी पाण्डेय (36 वर्ष) घरेलू कार्य और खाना बनाने का काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 जनवरी को दो महिलाएं उनके घर आई थीं और ईसाई धर्म अपनाने पर बीमारी दूर होने व आर्थिक सहायता मिलने का प्रलोभन दिया था। उस समय सहमति नहीं देने पर वे महिलाएं वापस लौट गई थीं।

दोबारा पहुंचकर बनाया दबाव

पीड़िता के अनुसार 1 फरवरी को वही दोनों महिलाएं पुनः उनके घर पहुंचीं। इस बार ईसाई धर्म अपनाने, बाइबिल पढ़ने, इलाज में मदद, आर्थिक सहायता और बेटी की शादी में सहयोग देने का लालच दिया गया। जब पीड़िता और उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो मामला गंभीर हो गया।

थाने में शिकायत, तत्काल कार्रवाई

घटना से आहत होकर पीड़िता ने पुरानी भिलाई थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत धारा 299 बीएनएस एवं धारा 04 छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

दोनों आरोपिया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने आरोप में शामिल दोनों महिलाओं को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारिका डाडिंगे (42 वर्ष), निवासी खुर्सीपार और प्रियंका साईमन (33 वर्ष), निवासी कुम्हारी के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच, दबाव या बहकावे में न आएं। इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। कानून के खिलाफ कार्य करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।