नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, बोरे में बंद कर खंडहर में छुपाया था पीड़िता को
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित मिली बालिका, गंभीर वारदात टली
दुर्ग जिले के उतई क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने वारदात के बाद बालिका को बोरे में बंद कर खंडहर में छुपा दिया था। पुलिस की त्वरित और सतर्क कार्रवाई के चलते बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया।
भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी पारा में एक जघन्य अपराध का मामला प्रकाश में आया है, जहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने अपनी करतूत छुपाने के उद्देश्य से बालिका को बोरे में बंद कर पास ही स्थित एक खंडहर में छुपा दिया और मौके से फरार हो गया।
बालिका के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सघन खोज अभियान शुरू किया। आसपास के क्षेत्रों में जांच और तलाशी के दौरान पुलिस ने खंडहर से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
मामले में पुलिस ने आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू (उम्र 40 वर्ष), निवासी बंजारी पारा, उतई को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त सामग्री जैसे बोरा, तकिया कवर एवं घटना के समय पहने गए कपड़े भी जप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह अपराध अत्यंत गंभीर और जघन्य प्रकृति का है, जो आरोपी की आपराधिक मानसिकता को दर्शाता है। मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
suntimes 