दुर्ग में पॉलिटिकल सर्वे पर बवाल, कांग्रेस ने सर्वे टीम को घेरा
व्हाट्स इंडिया थिंक कंपनी के सर्वे सवालों पर आपत्ति, भिलाई भट्टी थाने पहुँचे कांग्रेस नेता पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर जताया विरोध, कहा— “डरने वाला नहीं”
दुर्ग जिले से इस वक्त एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। पॉलिटिकल सर्वे कर रही एक निजी कंपनी की टीम को लेकर कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा। सर्वे में पूछे गए कुछ सवालों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई और इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पॉलिटिकल सर्वे को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। व्हाट्स इंडिया थिंक नामक कंपनी की एक टीम जिले में राजनीतिक सर्वे कर रही थी। बताया जा रहा है कि टीम के छह सदस्य लगभग 24 सवालों के जरिए आम लोगों से राय ले रहे थे।
सर्वे प्रश्नावली में बीजेपी सरकार की योजनाओं के साथ-साथ कांग्रेस की पूर्व सरकार से जुड़े कथित घोटालों को लेकर भी सवाल शामिल थे। इसी दौरान एक सवाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी और इसके बाद भूपेश बघेल की संभावित गिरफ्तारी से जुड़ा था, जिसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
मामले की जानकारी मिलते ही दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, वरिष्ठ नेता मुकेश चंद्राकर, राकेश ठाकुर और भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल मौके पर पहुंचे और सर्वे कर रही टीम से सवाल-जवाब किए। इसके बाद सभी नेता सर्वे टीम को लेकर भिलाई भट्टी थाना पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सर्वे करने वाली टीम के सभी छह सदस्यों ने पूछताछ के दौरान अपने दस्तावेज और सर्वे से जुड़ी पूरी जानकारी पुलिस को उपलब्ध करा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इधर, इस घटनाक्रम पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि वे डरने वाले नहीं हैं और राजनीतिक दबाव से कांग्रेस को झुकाया नहीं जा सकता।
suntimes 