पानी-मलबे का सैलाब सब कुछ बहा ले गया, फिर भी नहीं टूटा मकान; बालकनी में दिखे 3 लोग
भयावह बाढ़ के बीच घर बना सहारा, पानी उतरने पर छत से मदद के लिए संकेत देता नजर आया शख्स
काठमांडू (ए)। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच एक मकान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। तेज बहाव में मलबा, सड़कें और आसपास की संरचनाएं बहती रहीं, लेकिन पानी के बीच खड़ा यह घर बचा रहा। इसकी बालकनी में तीन लोग खड़े नजर आए, जिन्होंने बाढ़ की भयावहता के बीच सुरक्षित रहने की जद्दोजहद की।
वीडियो में चारों तरफ गंदे पानी और कीचड़ का तेज बहाव दिखाई देता है। पानी अपने साथ मलबा और अन्य सामान बहाकर ले जा रहा है। इसके बावजूद मकान की संरचना बरकरार रही। बाढ़ का वेग कम होने के बाद एक व्यक्ति घर की छत पर पहुंचा और टी-शर्ट लहराकर बचाव दल को अपनी मौजूदगी का संकेत देने लगा।
हालांकि, वायरल वीडियो नेपाल के किस स्थान का है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसके स्थान और घटनाक्रम से जुड़े दावों को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका है।
633 लोगों की जान गई, 2,500 लापता
नेपाल पुलिस के मुताबिक, बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 633 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 2,500 लोग अभी लापता हैं या उनका संपर्क टूट गया है। इनमें 320 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
चीन में फंसे भारतीयों को निकालने की कोशिश
विदेश मंत्रालय ने बताया कि चीन की ओर करीब 400 भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। सभी के सुरक्षित होने की जानकारी है। भारत सरकार उन्हें वापस लाने के लिए चीनी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है। अब तक 153 भारतीय नागरिक चीन से सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं।
suntimes 