बगिया से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर: मुख्यमंत्री ने स्मार्ट स्कूल और ब्लॉक योजना की दी सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने गृह ग्राम बगिया से सम्पर्क स्मार्ट स्कूल और स्मार्ट ब्लॉक कार्यक्रम का शुभारंभ कर जशपुर की शिक्षा क्रांति को नई दिशा दी। 50 स्कूलों को स्मार्ट किट और टीवी से सुसज्जित किया गया।

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित बगिया हाई स्कूल में रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्पर्क स्मार्ट स्कूल और स्मार्ट ब्लॉक कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर जिले के 50 प्राथमिक विद्यालयों को सम्पर्क स्मार्ट किट और शिक्षण टीवी प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने अपने भावुक संबोधन में अपने स्कूली दिनों की यादें साझा कीं और शिक्षा को समाज निर्माण की नींव बताया।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के बगिया हाई स्कूल में ‘सम्पर्क स्मार्ट स्कूल’ और ‘स्मार्ट ब्लॉक’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत जिले के 50 प्राथमिक विद्यालयों में सम्पर्क स्मार्ट किट और टीवी वितरित किए गए, जिससे बच्चों को रोचक और तकनीक-सहाय शिक्षण का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने जन्मस्थान बगिया की यादों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की थी, जो कभी खपरैल की छत वाला साधारण स्कूल था। उन्होंने कहा कि आज वही स्कूल अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हो गया है और अब एक हाई स्कूल के रूप में संचालित हो रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा से लेकर तकनीकी संस्थानों तक सबकुछ सुलभ हो रहा है।
इस अवसर पर सम्पर्क फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि यह संस्था खेल-खेल में शिक्षा को सरल बनाने के लिए सम्पर्क टीवी डिवाइस, गणित और अंग्रेजी की किट प्रदान कर रही है, जिससे विद्यार्थियों में न केवल सीखने की रुचि बढ़ेगी, बल्कि झिझक भी कम होगी।
उन्होंने सभी प्रधान पाठकों से इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, आईजी श्री दीपक झा, एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो जशपुर जिले ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। बोर्ड परीक्षाओं में टॉप 10 में जिले के 15 छात्रों ने स्थान प्राप्त किया है। वहीं कक्षा 10वीं और 12वीं में 94 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं। प्राथमिक स्तर पर भी जिले का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है, जहां कक्षा 5वीं में 99.5% और कक्षा 8वीं में 97.3% बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं।
शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्कूलों में उपस्थिति ऐप, दैनंदिनी की निगरानी, और इसरो, आईआईटी जैसे संस्थानों से सहभागिता की जा रही है। सम्पर्क फाउंडेशन द्वारा वितरित एफएलएन किट (आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता) जिले की शिक्षा गुणवत्ता में मील का पत्थर साबित होंगे।