4 करोड़ की ठगी का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे और तंत्र-मंत्र से रकम दोगुनी करने का दिया झांसा, ठगी के बाद कर्ज के दबाव में पीड़ित ने की आत्महत्या

4 करोड़ की ठगी का दूसरा आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। शेयर बाजार में निवेश से मोटा मुनाफा कमाने और तंत्र-मंत्र के जरिए रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करीब 4 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। ठगी का शिकार हुए कोमल साहू ने कर्ज और आर्थिक दबाव से परेशान होकर जहर खा लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मर्ग जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट, बैंक खातों के लेन-देन और मोबाइल डेटा ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। मामले में मुख्य आरोपी मो. अजीज खान को पुलिस पहले ही इंदौर से गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब पुलिस ने योगेंद्र कुमार साहू (37) को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

सुसाइड नोट और मोबाइल डेटा से खुला राज

मामला 17 अक्टूबर 2025 का है। कोमल साहू ने मानसिक तनाव के चलते जहर का सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने उसके बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन से मिले डेटा को भी खंगाला।

जांच में सामने आया कि मो. अजीज खान ने शेयर ट्रेडिंग और तंत्र-मंत्र के माध्यम से रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाकर कोमल साहू से करीब 4 करोड़ रुपए ले लिए थे। रकम वापस नहीं मिलने और लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव के कारण पीड़ित तनाव में रहने लगा था।

कर्जदाताओं का दबाव भी बढ़ रहा था

पुलिस जांच के अनुसार कोमल साहू पर कर्ज चुकाने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। एक ओर बड़ी रकम की ठगी हो चुकी थी और दूसरी ओर कर्जदारों की मांग बढ़ रही थी। इन परिस्थितियों में वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव के बीच उसने जहर खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

मामले में सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 130/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 108 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

मुख्य आरोपी को अप्रैल में पकड़ा था

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी मो. अजीज खान (57) को 3 अप्रैल 2026 को इंदौर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को योगेंद्र कुमार साहू की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 9 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे आरोपी को जेल भेजा

पुलिस ने योगेंद्र कुमार साहू, निवासी कुतुलबोड़ भांठागांव, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।