बिजली बिल के मुद्दे पर कांग्रेस का अभियान, स्मार्ट मीटर के खिलाफ जुटा रही उपभोक्ताओं की राय

जगदलपुर के वार्डों में कार्यकर्ताओं ने किया डोर-टू-डोर संपर्क; लोगों से शिकायतें लेकर भरवाए विरोध आवेदन, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

बिजली बिल के मुद्दे पर कांग्रेस का अभियान, स्मार्ट मीटर के खिलाफ जुटा रही उपभोक्ताओं की राय

जगदलपुर। स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों में कथित बढ़ोतरी के मुद्दे को लेकर जगदलपुर में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर के विभिन्न वार्डों में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचे और बिजली उपभोक्ताओं से बातचीत की। इस दौरान स्मार्ट मीटर से जुड़ी आशंकाओं और बढ़ते बिजली खर्च को लेकर लोगों की राय जानी गई। साथ ही विरोध स्वरूप आवेदन भी भरवाए गए।

घर-घर पहुंचकर किया संवाद

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने वार्डों में डोर-टू-डोर संपर्क किया। उन्होंने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर और बिजली बिल में बढ़ोतरी से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। साथ ही लोगों से पूछा कि बिजली बिल को लेकर उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं ने बताई अपनी परेशानी

अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने बिजली बिल बढ़ने से घर के मासिक खर्च पर असर पड़ने की बात कही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों की शिकायतें दर्ज कीं और स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन भरवाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन आवेदनों के जरिए उपभोक्ताओं की आपत्तियों को संगठित रूप से सामने रखा जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष बोले- जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर आम लोगों में चिंता बनी हुई है। सरकार को उपभोक्ताओं की परेशानी को समझते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी मिले और उनके हितों की अनदेखी न हो।

आंदोलन को व्यापक रूप देने की तैयारी

सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस फिलहाल जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं और शिकायतें एकत्र कर रही है। पार्टी इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। यदि सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और बड़ा रूप देगी।