युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता खुला, परिवहन आरक्षक भर्ती आगे बढ़ी
50 पदों पर नियुक्ति के लिए 250 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, शारीरिक परीक्षण के बाद होगा दस्तावेज सत्यापन
रायपुर। राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी का एक और अवसर मिलने जा रहा है। परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षकों के 50 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन और पात्रता के आधार पर 250 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया है। अब चयनित उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता और दस्तावेजों की जांच होगी।
परिवहन विभाग ने परिवहन आरक्षक भर्ती को लेकर अगली प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने 50 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया था, जिसके बाद 19 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा का परिणाम व्यापमं से मिलने के बाद प्राप्तांकों और पात्रता के आधार पर 250 अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए चिन्हित किया गया है।
अब इन उम्मीदवारों को शारीरिक मापदंड परीक्षण में शामिल होना होगा। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। विभाग के अनुसार भर्ती की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मापदंडों के आधार पर पूरी की जाएगी।
अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची और बुलावा पत्र विभाग की वेबसाइट cgtransport.gov.in तथा परिवहन आयुक्त कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी वहां से भर्ती से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और परिवहन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग की यह भर्ती भी इसी दिशा में एक कदम है।
suntimes 