प्रदेश में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, 9 बायपास सड़कों के लिए 448 करोड़ मंजूर

रायगढ़ से बिलासपुर तक बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी, यातायात होगा तेज और सुगम

प्रदेश में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, 9 बायपास सड़कों के लिए 448 करोड़ मंजूर

रायपुर। प्रदेश के प्रमुख शहरों और व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में नौ महत्वपूर्ण बायपास सड़कों के निर्माण और उन्नयन के लिए 448 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। यह पहल यातायात को सुगम, तेज और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर इन परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और जाम से मुक्ति मिल सके।

रायगढ़ में बड़े प्रोजेक्ट्स

लोक निर्माण विभाग ने रायगढ़ जिले में तमनार बायपास के लिए 152 करोड़ 17 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसके तहत 6 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा रायगढ़ शहर में रिंग रोड (बायपास) के लिए 70 करोड़ 47 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। खरसिया क्षेत्र में कबीर चौक से डभरा रोड तक 2 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए भी 7 करोड़ 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

धमतरी और बलौदाबाजार में भी राहत

धमतरी जिले में 4 किलोमीटर लंबे भखारा बायपास के लिए 14 करोड़ 94 लाख रुपये तथा 1.50 किलोमीटर के नारी बायपास के लिए 7 करोड़ 97 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं बलौदाबाजार जिले में 15 किलोमीटर लंबे बायपास मार्ग (लटुवा-पनगांव होते हुए) के लिए 88 करोड़ 68 लाख रुपये तथा 7 किलोमीटर लंबे रिसदा बायपास के लिए 20 करोड़ 99 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

बिलासपुर और बेमेतरा को भी फायदा

बिलासपुर में 13.40 किलोमीटर लंबे कोनी-मोपका फोरलेन बायपास मार्ग के लिए 82 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही बेमेतरा जिले में 1.20 किलोमीटर लंबे छिरहा कांक्रीट बायपास सड़क के लिए 2 करोड़ 89 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहरों के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, भारी वाहनों का आवागमन आसान होगा और आम लोगों को तेज व सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी।