छात्रसंघ चुनाव की मांग पर उग्र हुआ NSUI आंदोलन: CM हाउस कूच के दौरान टूटी बैरिकेडिंग
रायपुर में जुटे प्रदेशभर के कार्यकर्ता, भारी पुलिस बल तैनात; 2017 से चुनाव नहीं होने पर सरकार को घेरा
रायपुर। छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर गुरुवार को राजधानी रायपुर में NSUI कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया, जिसके चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाई गई पहली बैरिकेडिंग तोड़ दी।
आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन ने चार स्तर की बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की व्यवस्था की थी। बावजूद इसके प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
महिला थाना चौक बना आंदोलन का केंद्र
NSUI द्वारा महिला थाना चौक के पास मुख्य मंच तैयार किया गया था, जहां प्रदेशभर से पहुंचे छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय जाखड़ का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें क्रेन के जरिए विशाल माला पहनाई गई, जिसने प्रदर्शन में अलग आकर्षण पैदा किया।
प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता बुलडोजर पर चढ़कर सरकार के खिलाफ विरोध जताते नजर आए। आंदोलन को लेकर पूरे इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।
“चुनाव से डर रही सरकार” : कांग्रेस
NSUI और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार छात्रसंघ चुनाव कराने से बच रही है। उनका कहना है कि यदि चुनाव कराए गए तो छात्र संगठन NSUI को भारी समर्थन मिलेगा, इसी वजह से 2017 के बाद से अब तक छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द छात्रसंघ चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
suntimes 