भाजपा नेता के पीए की हत्या से बंगाल में सियासी हलचल: सुवेंदु अधिकारी ने बताया सुनियोजित हमला

भवानीपुर चुनावी हार से जोड़ा मामला, मां बोलीं- बेटे को राजनीतिक दुश्मनी का शिकार बनाया गया

भाजपा नेता के पीए की हत्या से बंगाल में सियासी हलचल: सुवेंदु अधिकारी ने बताया सुनियोजित हमला

सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि उनके करीबी सहयोगी की हत्या राजनीतिक वजहों से की गई है और इसकी जड़ में भवानीपुर सीट पर हुई हार हो सकती है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया गया, वह बेहद सुनियोजित और गंभीर है। सुवेंदु ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि बंगाल में हिंसा का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है।

मां का आरोप- चुनावी हार का बदला बेटे की हत्या से लिया गया

चंद्रनाथ रथ की मां ने भी बेटे की हत्या को राजनीतिक दुश्मनी का परिणाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पहले धमकी दी थी कि चुनाव परिणाम आने के बाद किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। उनका कहना है कि बेटे को केवल इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह सुवेंदु अधिकारी के करीबी थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगी थीं। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।

स्कॉर्पियो रोककर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 10:30 बजे चंद्रनाथ रथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोलतला इलाके में एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोक लिया। तभी बाइक सवार हमलावर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

हमले में दो गोलियां चंद्रनाथ के सीने को चीरते हुए निकल गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। उनके ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि ड्राइवर का इलाज जारी है।

प्रोफेशनल शूटर होने की आशंका

फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने आधुनिक ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस तरह के हथियार का इस्तेमाल आम अपराधी नहीं करते, जिससे प्रोफेशनल शूटर की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज भी मिले हैं, जिनमें चंद्रनाथ की गाड़ी और संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी हैं। हमलावर जिस बाइक से आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि रास्ता रोकने वाली कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली।

चुनाव परिणाम के बाद बढ़ी राजनीतिक हिंसा

चंद्रनाथ रथ पर हमले के कुछ घंटे बाद बशीरहाट जिले में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग की घटना सामने आई। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राज्य में 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद अब तक कई हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को पूरी तरह प्लान्ड मर्डर बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल में हिंसा और गुंडागर्दी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।