किराना दुकानदार से मारपीट कर लूटपाट: पुरानी भिलाई में 24 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार

सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद, चाकू दिखाकर गल्ले से 5100 रुपए लेकर फरार हुए थे युवक

किराना दुकानदार से मारपीट कर लूटपाट: पुरानी भिलाई में 24 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में किराना दुकानदार से लूट और मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले दुकान से चाय, गुटखा, सिगरेट और पानी की बोतल ली, लेकिन भुगतान मांगने पर विवाद करते हुए दुकानदार पर हमला कर दिया। इसके बाद धारदार हथियार की नोंक पर गल्ले से नकदी लूटकर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड निवासी मेजर यादव (58) ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 मई की सुबह करीब 8 बजे चार युवक उनकी दुकान पर पहुंचे थे। सामान लेने के बाद जब उनसे पैसे मांगे गए, तो वे बहस करने लगे और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

चाकू दिखाकर दी धमकी, जान बचाकर भागा दुकानदार

घटना के दौरान आरोपी श्याम रेड्डी ने धारदार हथियार निकालकर दुकानदार को डराया-धमकाया। वहीं उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने मिलकर दुकानदार के साथ मारपीट की। आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखे करीब 5100 रुपए निकाल लिए। हमले के दौरान दुकानदार किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

खुर्सीपार क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धनराज निर्मलकर (21), विराज (18), श्याम रेड्डी (25) और प्रहलाद बंजारे (22) के रूप में हुई है। सभी आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और लूट से जुड़े साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।