बीएसपी से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर बीएसपी से हो रही थी संगठित चोरी, पुलिस ने 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त की
भिलाई स्टील प्लांट से पिछले कई महीनों से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 250 टन लोहे का स्क्रैप, भारी वाहन और मशीनरी समेत लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी फ्लू डस्ट की आड़ में लोहे की प्लेट और बीम कटिंग को छिपाकर बाहर भेज रहे
भिलाई स्टील प्लांट से लौह स्क्रैप की संगठित चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 26 तारीख को पुरानी भिलाई पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, हथखोज भिलाई फैब्रिकेशन वर्क्स एंड स्क्रैप डीलर परिसर में दबिश दी। जांच के दौरान वहां खड़े हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर लोहे की प्लेट कटिंग और बीम लोड पाया गया।
पुलिस को मौके पर दो अलग-अलग ढेरों में भारी मात्रा में लोहे की प्लेट और बीम कटिंग मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी फ्लू डस्ट का उपयोग चोरी किए गए लोहे को छिपाने के लिए करते थे, ताकि परिवहन के दौरान किसी को संदेह न हो। मौके पर लोहे को लोडिंग और परिवहन के लिए उपयोग किए जा रहे जेसीबी, हाइड्रा, चैन माउंटिंग मशीन और अन्य भारी वाहन भी मिले।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 टन वजनी लोहे का स्क्रैप बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं जब्त वाहनों और मशीनों को मिलाकर कुल संपत्ति की कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान वाहन चालकों और स्क्रैप कारोबारी से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी :
मीथेन ठाकुर, निवासी सिकोला बस्ती, मोहन नगर दुर्ग
चिंतानंद साहू, निवासी वैशाली नगर
गीतेश वर्मा, निवासी कोहका
निर्मल सिंह, निवासी वैशाली नगर
जब्त सामग्री :
दो हाइड्रा वाहन
दो ट्रक
टाटा मैजिक वाहन
एक जेसीबी मशीन
एक चैन माउंटिंग मशीन
एक टाटा एस वाहन
करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग
suntimes 