बेबीलोन होटल में जुए की महफिल, मालिक पर FIR.......रायपुर पुलिस ने 10 रसूखदार जुआरियों को 1 घंटे में छोड़ा.....

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बेबीलोन कैपिटल होटल में पुलिस ने हाई प्रोफाइल जुए की फड़ पर छापा मारा। पुलिस ने 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों में कई रसूखदार लोग और कारोबारी शामिल थे। पुलिस ने जुआरियों को 1 घंटे के अंदर छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने होटल मालिक पर FIR दर्ज किया है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक बेबीलोन होटल के रुम नंबर 115 में बड़ा जुआ चल रहा था। इसकी जानकारी तेलीबांधा पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस और साइबर की टीम ने होटल में दबिश दी। होटल के कमरे में लोगों का मजमा लगा हुआ था। पुलिस ने जुआरियों के पास से 1 लाख 98 हजार 150 रुपए कैश और ताश की पत्तियां जब्त की है।
पुलिस की यह कार्रवाई रात 12 से 1 बजे के आस-पास की बताई जा रही है। होटल से आरोपियों को थाने लाया गया। इसके बाद जुआरियों को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने जिन लोगों को जुआ खेलते पकड़ा था, उनमें से ज्यादातर लोग कारोबारी और रसूखदार परिवार से थे। जुआरी बारी-बारी से थाने से बाहर निकल गए।