बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉइज़ यूनियन की क्लस्टर मीटिंग में कर्मचारी एकजुटता पर जोर

पदाधिकारियों ने महिला अधिकार, म्यूल अकाउंट और सतर्क बैंकिंग पर रखे विचार

बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉइज़ यूनियन की क्लस्टर मीटिंग में कर्मचारी एकजुटता पर जोर

 बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉयज़ यूनियन, छत्तीसगढ़ के वेस्टर्न हब की क्लस्टर मीटिंग सोमवार को होटल सेंट्रल पार्क में आयोजित की गई। बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार और प्रबंधन की कर्मचारी विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए बैंक कर्मियों को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

भिलाई। बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉयज़ यूनियन, छत्तीसगढ़ के वेस्टर्न हब की क्लस्टर मीटिंग सोमवार को होटल सेंट्रल पार्क में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के वर्किंग प्रेसिडेंट कॉम. दिवाकर राव तामड़ा ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने बैंक कर्मियों को आने वाले समय की चुनौतियों से आगाह करते हुए सरकार एवं प्रबंधन की कर्मचारी विरोधी नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने संघर्ष के लिए तैयार रहने और संगठन की मजबूती बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में महासचिव हर्षवर्धन सिंह बिस्ट, चेयरमैन अशोक साहू, लीगल इंचार्ज रंजन बनर्जी एवं उपाध्यक्ष मुकुल बड़जाते सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सहायक महासचिव कॉम. वेंकटेश ने बैंक में धोखाधड़ी से खोले जा रहे म्यूल अकाउंट्स की गंभीरता पर प्रकाश डाला। महिला पदाधिकारी कॉम. श्रावंती एवं रुचि राय ने महिला बैंककर्मियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी। वहीं कॉम. निरंजन मालिक ने संगठन की शक्ति पर विचार रखे।

इसके अलावा कॉम. रजत मेशराम और कॉम. गौरव भावनानी ने लोन संबंधी सतर्कताओं पर चर्चा की। कॉम. आशीष कपूर एवं कॉम. ताज अली ने डिपॉजिट और नगद लेनदेन में सतर्कता बरतने के सुझाव दिए।

बैठक में भड़सेना, राजनंदगांव, उताई, बालोद, गुंडरदेही, अँजोरा, दुर्ग, पद्मनाभपुर, भिलाई, सुपेला, पावरहाउस, चरोदा, पथरिया, धमधा, बेमेतरा और कवर्धा सहित विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में अवॉर्ड एवं सब स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। रायपुर से भी सेंट्रल ऑफिस बियरर्स ने बैठक में हिस्सा लिया।

अंत में छत्तीसगढ़ से बाहर जाने वाले साथियों को भावपूर्ण विदाई दी गई। महासचिव हर्षवर्धन बिस्ट ने चेन्नई जाने वाले एस. सुंदर, नागपुर जाने वाले मानव सकदेव और पूनम सिंह तथा रांची जाने वाले अंशु विवेक समद को मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया।

बैठक में संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की एकजुटता और आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया गया। साथ ही अंतर बैंक खेलकूद गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों के लिए भी दिशा तय की गई।