भाजपा प्रशिक्षण शिविर में गिरे योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, हार्ट अटैक से निधन

तिफरा में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन के दौरान आया अटैक, सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

भाजपा प्रशिक्षण शिविर में गिरे योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, हार्ट अटैक से निधन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को बिलासपुर में हृदयाघात से निधन हो गया। वे भाजपा द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने तिफरा पहुंचे थे। कार्यक्रम के समापन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे मंच के पास ही असहज महसूस करने लगे। मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रूपनारायण सिन्हा को साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण उन्हें भाजपा के प्रमुख रणनीतिक नेताओं में माना जाता था। प्रशिक्षण महाअभियान में भी उन्हें प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

तिफरा में सोमवार से शुरू हुए ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के दूसरे दिन यह दुखद घटना हुई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने रूपनारायण सिन्हा के निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि सिन्हा ने पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूती देने में अहम योगदान दिया।

वहीं, अस्पताल पहुंचकर भाजपा नेताओं ने चिकित्सकों से जानकारी ली। पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं के बाद परिजन उनका पार्थिव शरीर रायपुर लेकर रवाना हो गए।