भिलाई में चोरी के दो मामलों का 24 घंटे के भीतर खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सोने के गहनों समेत करीब 8 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद; नाबालिग को धमकाकर वारदात कराने का भी खुलासा

भिलाई में चोरी के दो मामलों का 24 घंटे के भीतर खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई के स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में दर्ज चोरी के दो अलग-अलग मामलों का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के गहनों समेत करीब 8 लाख रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, एक मामले में आरोपियों ने एक नाबालिग को धमकाकर उसके घर से सोने के जेवरात चोरी करवाए थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद चोरी का माल बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग कुर्रे (18), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी सुपेला क्षेत्र के रहने वाले हैं।

बरामद सामान में दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की बालियां, एक मंगलसूत्र तथा अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने दोनों प्रकरणों से संबंधित कुल लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की मशरूका जब्त कर ली है।

सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।