भिलाई में बस्ती पर बुलडोजर, काम अधूरा: सड़क-नाला निर्माण से उजड़े घर, परेशान गरीब परिवार
15 दिन पहले तोड़फोड़, अब काम बंद; गंदगी, सांप-बिच्छू और असुरक्षा के साए में जी रहे संजय नगर के लोग
भिलाई के संजय नगर श्रमिक बस्ती में सड़क और नाला निर्माण के नाम पर हुई तोड़फोड़ के बाद अब हालात बदतर हो गए हैं। घर टूटने के बाद काम ठप होने से स्थानीय गरीब परिवार गंदगी, डर और अव्यवस्था के बीच जीवन बिताने को मजबूर हैं।
भिलाई। वार्ड-6 स्थित संजय नगर श्रमिक बस्ती में नगर निगम की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों की मुश्किलें कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं। करीब 15 से 20 दिन पहले नाला और सड़क निर्माण के लिए कई गरीब परिवारों के घर तोड़ दिए गए, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
स्थिति यह है कि नाला खुला पड़ा है, जिससे आसपास गंदगी और बदबू फैल रही है। नाले से निकलकर सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़े-मकोड़े अब लोगों के घरों में घुस रहे हैं। वहीं रात के समय असामाजिक तत्वों और चोरी की घटनाओं का डर भी बस्तीवासियों को सता रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। न तो वार्ड पार्षद ध्यान दे रहे हैं और न ही नगर निगम या जिला प्रशासन के अधिकारी। बस्तीवासियों का कहना है कि वे कई बार कलेक्टर और निगम अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नाला निर्माण में तकनीकी अनियमितता बरती जा रही है। उनके मुताबिक नाले को सीधा बनाया जा सकता था, लेकिन इसे तिरछा बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में और समस्याएं बढ़ सकती हैं।
बस्तीवासियों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि नाला किनारे बड़े पैमाने पर हुए अतिक्रमण को हटाने के बजाय सिर्फ गरीबों के घरों को निशाना बनाया गया। उनका कहना है कि प्रशासन के लिए कमजोर तबके पर कार्रवाई करना आसान होता है।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे इसके खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे।
suntimes 