भूपेश बघेल पर अभद्र टिप्पणी का विरोध: कांग्रेस का सुपेला थाने में जोरदार प्रदर्शन, FIR और गिरफ्तारी की माँग

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश, थाना घेरकर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

भूपेश बघेल पर अभद्र टिप्पणी का विरोध: कांग्रेस का सुपेला थाने में जोरदार प्रदर्शन, FIR और गिरफ्तारी की माँग

*पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। इसी को लेकर बुधवार को भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सुपेला थाना का घेराव किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने FIR दर्ज कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।*

भिलाई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अभद्र भाषा, गाली-गलौज और समाज में वैमनस्य फैलाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सुपेला थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के बाहर नारेबाजी की और स्पष्ट किया कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती और आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। थाना गेट के सामने बैठकर कांग्रेसियों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से योजनाबद्ध तरीके से नफरत फैलाने और राजनीतिक द्वेष के तहत वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि इस तरह की टिप्पणियां केवल किसी एक व्यक्ति का अपमान नहीं हैं, बल्कि लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द पर सीधा हमला हैं।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि प्रदेश और दुर्ग जिले में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, जिस पर प्रशासन को सख्ती से लगाम लगाने की जरूरत है।

कांग्रेस नेताओं ने रायपुर में दर्ज हुए समान मामले का हवाला देते हुए कहा कि जब वहां सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर एफआईआर दर्ज हो सकती है, तो दुर्ग जिले में भी उसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए।

इस मौके पर भिलाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ खुलेआम आपत्तिजनक टिप्पणियां करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अमित सेन नामक व्यक्ति लगातार भूपेश बघेल के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहा है।

मुकेश चंद्राकर ने बताया कि थाना प्रभारी द्वारा उन्हें आश्वस्त किया गया है कि मामला आईटी एक्ट के तहत आता है और उचित धाराओं में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि एफआईआर और गिरफ्तारी होने तक वे सुपेला थाना के बाहर डटे रहेंगे।