महादेव ऐप की जांच में CBI का रायपुर कनेक्शन, जेल में बंद सोमानी के घर खंगाले दस्तावेज

समता कॉलोनी में सुबह-सुबह पहुंची टीम ने दो घंटे की जांच, गोवा से गिरफ्तार हुआ था ऑनलाइन सट्टे का आरोपी

महादेव ऐप की जांच में CBI का रायपुर कनेक्शन, जेल में बंद सोमानी के घर खंगाले दस्तावेज

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले में CBI की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने गुरुवार सुबह रायपुर की समता कॉलोनी में मोहित सोमानी के निवास पर तलाशी अभियान चलाया। करीब सुबह 7 बजे पहुंची टीम लगभग दो घंटे तक घर में रही और आवश्यक जांच के बाद सुबह 9 बजे वापस लौट गई।

सूत्रों के अनुसार, जांच का संबंध महादेव ऐप के प्रमोटरों से सट्टेबाजी की आईडी हासिल कर उसे आगे बेचने के नेटवर्क से जुड़ा है। हालांकि, तलाशी के दौरान क्या-क्या मिला और किन पहलुओं की जांच की गई, इसकी जानकारी आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है।

गोवा से गिरफ्तारी के बाद रायगढ़ जेल में बंद

मोहित सोमानी को रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के मामले में गोवा से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे कैंडोलिम बीच इलाके के एक किराए के विला से पकड़ा था। आरोप है कि वह सट्टेबाजी के लिए आईडी उपलब्ध कराने और छोटे खाईवालों तथा खिलाड़ियों तक नेटवर्क पहुंचाने में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद से वह रायगढ़ जेल में बंद है।

पैनल ऑपरेटरों तक पहुंच सकती है जांच

महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान पैनल ऑपरेटरों और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी सामने आ सकती है। इसी आधार पर आने वाले समय में नई गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।

विदेश से होता था नेटवर्क का संचालन

महादेव ऑनलाइन बुक को देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल बताया गया है। इसके जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश सहित विभिन्न खेलों पर दांव लगाए जाते थे। नेटवर्क को विस्तार देने के लिए अलग-अलग शहरों में पैनल और ब्रांच तैयार की गई थीं। इनके जरिए सट्टेबाजों को आईडी उपलब्ध कराई जाती थी और ऑनलाइन रकम का लेनदेन कराया जाता था। CBI अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।