मोबाइल गुम होते ही खाते से पार हुए डेढ़ लाख, UPI बनाकर ठगों ने लगाया चूना
वर हाउस सब्जी मार्केट में गुम हुआ था मोबाइल फोन
दुर्ग। शहर में मोबाइल गुम होने के बाद साइबर ठगी की एक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात आरोपियों ने यूपीआई के जरिए पति-पत्नी के बैंक खातों से लगभग 1 लाख 49 हजार 590 रुपए निकाल लिए। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार संतोषी पारा कैंप-02 मिलाई निवासी 55 वर्षीय दुर्गा प्रसाद साहू एलआईसी में एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। 27 फरवरी की शाम वे पावर हाउस सब्जी मार्केट में सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। बाद में उन्होंने नई सिम जारी करवाई, लेकिन कुछ समय बाद उनके मोबाइल नंबर पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे।
संदेश मिलने के बाद दुर्गा प्रसाद साहू तत्काल बैंक पहुंचे और खाते की जानकारी ली। जांच में पता चला कि सुपेला स्थित एक्सिस बैंक के उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से कई बार में रकम ट्रांसफर की गई है। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार 27 फरवरी को 3300 रुपए, 28 फरवरी को 840 रुपए तथा 4 मार्च को 42 हजार, 50 हजार और 49 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। इस तरह उनके खाते से कुल 1 लाख 45 हजार 140 रुपए निकाल लिए गए।
इतना ही नहीं, पीड़ित के मोबाइल नंबर से उनकी पत्नी कविता साहू का बैंक खाता भी लिंक था। इसके बाद उन्होंने केनरा बैंक नंदनी रोड मिलाई शाखा में जाकर पत्नी के खाते की भी जांच कराई। वहां पता चला कि 28 फरवरी को 280 रुपए, 1 मार्च को 2500 रुपए और 2 मार्च को 1670 रुपए यूपीआई के जरिए ट्रांसफर किए गए। इस प्रकार पत्नी के खाते से भी कुल 4450 रुपए की निकासी हो गई।
पीड़ित का कहना है कि वे और उनकी पत्नी मोबाइल से यूपीआई का उपयोग नहीं करते हैं। उन्हें आशंका है कि मोबाइल गुम होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन का उपयोग कर यूपीआई आईडी बनाकर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। यह पूरी धोखाधड़ी 27 फरवरी से 4 मार्च के बीच की गई है।
पीड़ित की शिकायत पर छावनी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार बैंक ट्रांजेक्शन और यूपीआई आईडी से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, ताकि रकम ट्रांसफर हुए खातों का पता लगाकर आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
suntimes 