रायपुर में एक महिला ठग ने दूसरे को कहा धोखेबाज:दोनों ने ट्रांसपोर्टर को उलझाकर 72 लाख रुपए वसूले, 15 दिनों तक चैटिंग करके फंसाया
रायपुर में एक महिला ठग ने दूसरे महीला ठग को धोखेबाज कहते हुए ट्रांसपोर्टर को अपने फ्रॉड का शिकार बनाया है। दोनों महिला ठगों ने मिलकर व्हाट्सएप के माध्यम से ट्रांसपोर्टर से 15-20 दिनों तक चैटिंग की। फिर उसे चार गुना प्रॉफिट का लालच देकर करीब 71 लाख 50 हजार रुपए वसूल कर लिए। इस दौरान ठग महिला ने ट्रांसपोर्टर को विश्वास दिलाने के लिए 1 लाख रुपए मुनाफा बताकर बैंक खाते में भी भेजें। इस मामले में ट्रांसपोर्टर ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
डाकेश्वर सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिसमें बताया कि वह बजरंग चौक कोटा रायपुर में रहता है और ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करता है। जून 2025 में फेसबुक के माध्यम से श्रेया अग्रवाल नाम की एक महिला का फ्रेंड रिक्वेस्ट आया। फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने पर उसने व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत शुरू की। 15-20 दिनों तक बातचीत करने के दौरान उसने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ट्रेडिंग कंपनी में चार गुना फायदा होता है। इसमें आपको भी पैसा इन्वेस्ट करना चाहिए।
महिला ने ट्रांसपोर्टर को अधिक मुनाफे का लालच देकर एक ऐप डाउनलोड करवाया। उसके बाद महिला के बताएं मुताबिक, ट्रांसपोर्टर ने अलग-अलग बैंक खातों से 2 जुलाई से 15 जुलाई के बीच 19 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब उसने प्रॉफिट के पैसे निकालने की बात कही तो महिला ने टैक्स पेमेंट करना होगा बोलकर मना कर दिया। इसके बाद व्यापारी को शक हुआ और उसने ऑनलाइन साइबर क्राइम में शिकायत कर दी।
कुछ दिन बाद एक दूसरी लड़की आराध्या अग्रवाल ट्रांसपोर्टर से इस पैटर्न से फेसबुक के माध्यम से जुड़ी। फिर व्हाट्सएप में चैट करने के दौरान ट्रांसपोर्टर में ऑनलाइन धोखाधड़ी की बात बताई। तब महिला ने कहा कि वह कंपनी और लड़की पूरी तरह फ्रॉड है। मैं जिस ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर पैसे इन्वेस्ट करती हूं आप भी उसमें इन्वेस्ट करिए। महिला की बात से डाकेश्वर सिंह ने 5 लाख इन्वेस्ट किए। इसके बाद ठग महिला ने उसे 1 लाख प्रॉफिट के साथ 6 लाख रुपए बैंक अकाउंट में दिए।
डाकेश्वर को दूसरी महिला पर विश्वास हो गया। इसके बाद उसके कहे मुताबिक, उसने 2 अगस्त से 21 अगस्त के बीच में अलग-अलग बैंक खातों में 52 लाख रुपए भेज दिए। लेकिन वापस मुनाफा नहीं मिला। जब उसने पैसे निकालना चाहा तो पेनाल्टी की बात बोलकर और पैसे मांग किए गए। जिससे उसे ठगी का अंदाजा हो गया। उसने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। दोनों महिलाओं ने मिलकर ट्रांसपोर्टर से 71 लाख 50 हजार रुपए वसूल कर लिए।
suntimes 