रायपुर में FDA का सख्त एक्शन: कॉस्मेटिक दुकानों से लेकर डेयरियों तक जांच, एक्सपायरी और नकली उत्पादों पर कड़ा प्रहार
बंजारी रोड और गोल बाजार में कॉस्मेटिक दुकानों की सघन जांच
*राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाते हुए कॉस्मेटिक दुकानों और डेयरी इकाइयों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक्सपायरी उत्पाद, लेबलिंग में गड़बड़ी और संदिग्ध खाद्य सामग्री पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सामान जब्त कर नष्ट किया गया।*
रायपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने राजधानी में एक साथ कई स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं की सुरक्षा से जुड़े मानकों की सघन जांच की। बंजारी रोड और गोल बाजार क्षेत्र की कॉस्मेटिक दुकानों में विशेष अभियान चलाकर एक्सपायरी डेट, उत्पादों की लेबलिंग और बिलिंग दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में दस्तावेजों की जांच की गई और संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में खाद्य विभाग ने हाल ही में नकली और निम्न गुणवत्ता वाले पनीर के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर करीब 1060 किलो पनीर जब्त कर नष्ट किया गया। संदिग्ध पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
भाटागांव स्थित एक डेयरी यूनिट में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। यहां से 540 किलो पनीर जब्त कर नगर निगम की मदद से नष्ट कराया गया। साथ ही निर्माण में उपयोग किए जा रहे कच्चे माल के सैंपल भी एकत्र किए गए।
उरला क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई के दौरान लगभग 500 किलो पनीर जब्त किया गया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में गंदगी मिलने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उत्पाद को नष्ट कराया।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध की स्थिति भी बनी, जिसे देखते हुए पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में जांच प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा किया गया।
विभाग ने संबंधित फैक्ट्री संचालकों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में मिलावट या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
suntimes 