रोड पर कब्जा कर बना रहे थे निर्माण, निगम ने जेसीबी चलाकर हटाया अतिक्रमण

भिलाई निगम की बड़ी कार्रवाई, सड़क और रास्ते की जमीन से हटाया अवैध कब्जा

रोड पर कब्जा कर बना रहे थे निर्माण, निगम ने जेसीबी चलाकर हटाया अतिक्रमण

भिलाई नगर निगम ने सड़क और रास्ते की शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी से अतिक्रमण हटा दिया। वैशाली नगर जोन क्षेत्र में निगम प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। निगम ने पहले संबंधित पक्षों को नोटिस देकर निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन पालन नहीं होने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध अतिक्रमण और बिना अनुमति निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मंगलवार को जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। निगम प्रशासन की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से सड़क और रास्ते की भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को हटाया।

निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय को मिली शिकायत के अनुसार कोहका कैलाश नगर कुरूद भिलाई निवासी श्रीमती एन. संतोषी एवं एन. शैलजा पति एन. धनराजु द्वारा प्लाट खसरा नंबर 1606/109 और 1606/110 में बिना भवन अनुज्ञा लिए सार्वजनिक मार्ग की भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद निगम प्रशासन ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने और निगम को सूचित करने निर्देश दिए थे। बावजूद इसके निर्धारित समय तक कोई संतोषजनक जवाब या कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद निगम ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई अमल में लाई।

मंगलवार को जोन-2 राजस्व विभाग, बेदखली दस्ता और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सार्वजनिक मार्ग, सड़क और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति निर्माण और अवैध कब्जों के खिलाफ निगम का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।