शिवनाथ नदी में मिला युवक का शव, दुर्ग में सनसनी—एसडीआरएफ ने बोट से निकाला, पहचान अब तक नहीं

जेब से नहीं मिला कोई पहचान पत्र, पुलिस कर रही गुमशुदगी से मिलान

शिवनाथ नदी में मिला युवक का शव, दुर्ग में सनसनी—एसडीआरएफ ने बोट से निकाला, पहचान अब तक नहीं

दुर्ग-भिलाई। जिले के महमरा घाट स्थित शिवनाथ नदी के एनीकेट में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। सुबह करीब 9:30 बजे 9 सदस्यीय टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए बोट की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शव करीब 3 से 4 दिन पुराना है और काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। युवक के पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है।

 पहचान के प्रयास जारी

पुलिस अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। साथ ही अन्य माध्यमों से भी युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

  मौत के कारण पर सस्पेंस

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

 नंदिनी नगर में भी संदिग्ध मौत

इसी बीच जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के देवरझाल इलाके से भी एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। यहां 42 वर्षीय यशवंत मरकाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना की सूचना 12 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

ओमप्रकाश मरकाम की सूचना पर दर्ज इस मामले में भी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। दोनों घटनाओं में अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।