संदिग्ध मौत का सच तलाशने 10 दिन बाद कब्र खोली: प्रेम विवाह वाली जया का शव पोस्टमॉर्टम को भेजा
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, SDM की अनुमति से कब्र खोदकर निकाला गया शव; रिपोर्ट के बाद होगा कारणों का खुलासा
बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध मौत के 10 दिन बाद कब्र खोलकर उसका शव बाहर निकाला गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। प्रशासनिक अनुमति के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक शादीशुदा महिला की मौत ने नया मोड़ ले लिया है। ग्राम बुंदेला निवासी 23 वर्षीय जया सांडे की मौत के 10 दिन बाद ग्रामीणों और अधिकारियों की मौजूदगी में उसकी कब्र खोली गई और शव बाहर निकाला गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की थी।
बताया जा रहा है कि जया ने करीब पांच साल पहले अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह किया था। 27 नवंबर को जया घर पर काम कर रही थी, इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसने परिजनों को बताया कि वह आराम करना चाहती है। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो जया मृत मिली। पति ने तत्काल गांव के लोगों और मायके वालों को इसकी जानकारी दी।
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, लेकिन ग्रामीणों की समझाइश पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह मान ली। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में कफन-दफन कर दिया गया।
मगर 10 दिन बाद मायके वालों ने फिर से थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप दोहराए और शव निकालकर जांच की मांग की। आवेदन के आधार पर SDM आकांक्षा त्रिपाठी की अनुमति से राजस्व अधिकारियों और पुलिस टीम ने कब्र खोदकर जया का शव बाहर निकाला। शव को 7 दिसंबर को सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम किया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता लग सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी बयानों की पड़ताल कर रही है।
suntimes 