सूरत सेशन कोर्ट में राहुल गांधी की 2 अर्जी:जमानत पर 13 अप्रैल और सजा रद्द करने पर सुनवाई 3 मई को
सूरत सेशन कोर्ट में राहुल गांधी की 2 अर्जी:जमानत पर 13 अप्रैल और सजा रद्द करने पर सुनवाई 3 मई को

राहुल गांधी ने सूरत की सेशन कोर्ट में सोमवार को दो अर्जी लगाईं। एक मानहानि केस में मिली सजा को रद्द करने के लिए थी, जबकि दूसरी में रेगुलर बेल मांगी गई। इन पर कोर्ट ने जमानत अर्जी पर सुनवाई 13 अप्रैल तक और सजा रद्द करने पर 3 मई को अगली सुनवाई तय की है। अपील करने के लिए राहुल गांधी के साथ बहन प्रियंका गांधी भी सूरत पहुंचीं।
राहुल के दिल्ली से सूरत रवाना होने से पहले सोनिया गांधी सुबह साढ़े 10 बजे उनसे मिलने पहुंचीं। 1 घंटे बाद राहुल सूरत के लिए निकल गए। राहुल के अलावा प्रियंका गांधी, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश के CM भी सूरत आए हैं। राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने राहुल के आने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
23 मार्च को मानहानि केस में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई गई थी। सजा का ऐलान होने के कुछ देर बाद ही उन्हें 30 दिन की जमानत दे दी गई थी। सजा सुनाए जाने के अगले ही दिन लोकसभा से उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी। राहुल केरल के वायनाड से सांसद थे।
इधर, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। रिजिजू ने कहा- जब आपका (राहुल गांधी) ट्रायल चला तब आपने अपील क्यों नहीं की। कोर्ट ने जब आपको दोषी करार दे दिया, इसके बाद आप यह ड्रामा कर रहे हैं। यह कोर्ट पर दबाव बनाने के लिए ही है। कांग्रेस पार्टी पूरे के पूरे परिवार को देश से ऊपर मानती है।
बता दें कि 23 मार्च को सजा मिलने के बाद 24 मार्च को राहुल की लोकसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। इसके बाद कांग्रेस पार्टी संसद के दोनों सदनों और देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी के सूरत पहुंचने के दौरान भी पार्टी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी के बड़े नेताओं के साथ दूसरे राज्यों के नेता-कार्यकर्ता भी सूरत पहुंच गए हैं।
बता दें कि 23 मार्च को सूरत की कोर्ट ने राहुल गांधी को 'सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है...' वाले बयान से जुड़े मानहानि केस में दोषी करार दिया था। उन्हें दो साल की जेल और 15 हजार रुपए जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने सजा के खिलाफ अपील करने के लिए राहुल को 30 दिन का समय दिया था। इसके बाद राहुल एक बार फिर सूरत पहुंच रहे हैं।