स्कूल पहुंची पुलिस, बच्चों को सिखाए साइबर सुरक्षा, पॉक्सो और ट्रैफिक नियमों के पाठ

स्कूल में जागरूकता अभियान, साइबर ठगी, महिला-बाल सुरक्षा, अंधविश्वास और ग्रामीण अपराधों से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक

स्कूल पहुंची पुलिस, बच्चों को सिखाए साइबर सुरक्षा, पॉक्सो और ट्रैफिक नियमों के पाठ

बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोंधरा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट, यातायात नियम, ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही ठगी और चोरी की घटनाओं से बचाव के साथ-साथ अंधविश्वास जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कानून की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार और सतर्क नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

थाना प्रभारी कमला पुसाम एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी मोबाइल कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर कुछ ही क्षणों में लोगों की मेहनत की कमाई हड़प लेते हैं। छात्रों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें तथा अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़, यौन अपराध, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा पीड़ित की पहचान की गोपनीयता के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के तत्काल पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों में सजा के प्रावधान, साक्ष्यों के महत्व और कानूनी प्रक्रिया की भी जानकारी विद्यार्थियों को दी।

यातायात सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए पुलिस ने विद्यार्थियों को 18 वर्ष की आयु से पहले वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग से बचने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय ठगों और अपराधियों के तौर-तरीकों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। पुलिस ने बताया कि बैंक से पैसे निकालकर लौटने वाले लोगों की रेकी करने वाले गिरोह, सोना-चांदी चमकाने के नाम पर ठगी करने वाले फेरीवाले तथा गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले संदिग्ध तत्वों से सतर्क रहना जरूरी है। ऐसे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने की अपील की गई।

इस दौरान टोनही प्रताड़ना अधिनियम, जादू-टोना और अंधविश्वास से जुड़ी अफवाहों के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्कूल में मिली इन जानकारियों को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि गांवों में भी कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का दायरा बढ़ सके।

थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि जिले में साइबर सुरक्षा और जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। थाना पचपेड़ी की पुलिस टीम गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को साइबर ठगी, महिला एवं बाल अपराध, सड़क सुरक्षा तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक कर रही है, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।