हथियार, जुआ और अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 दिन में 200 पर शिकंजा

नॉर्थ जोन में विशेष अभियान के दौरान 3 आरोपियों से हथियार जब्त, जुआ फड़ से 1.26 लाख रुपए बरामद; प्रतिबंधात्मक धाराओं में 156 लोगों पर कार्रवाई

हथियार, जुआ और अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 दिन में 200 पर शिकंजा

रायपुर। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए रायपुर के नॉर्थ जोन में पुलिस ने सप्ताहभर विशेष अभियान चलाया। अलग-अलग थानों की टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 200 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए या प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। अभियान में अवैध हथियार रखने वालों से लेकर जुआ खेलने और आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वालों तक पर कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तीन प्रकरण सामने आए, जिनमें तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गुढ़ियारी में एक आरोपी के पास से देशी कट्टा बरामद हुआ। वहीं जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 36 लोगों को पकड़ा। इनके कब्जे से 1 लाख 26 हजार 100 रुपए नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं।

आबकारी मामलों में भी कार्रवाई

पुलिस ने अवैध शराब से जुड़े मामलों में आबकारी एक्ट के तहत आठ प्रकरण दर्ज कर आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा धारा 36(सी) के अंतर्गत चार मामलों में चार लोगों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी और जांच की व्यवस्था भी तेज रखी।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में 156 लोग घेरे में

अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक धाराओं का इस्तेमाल किया गया। बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 70 मामलों में 71 लोगों पर कार्रवाई हुई। वहीं धारा 126/135(3) के तहत 78 प्रकरणों में 85 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन दोनों श्रेणियों में कुल 156 लोग कार्रवाई के दायरे में आए।

इसके साथ ही विभिन्न थानों में लंबित 35 वारंटों की तामीली भी कराई गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखने के साथ क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम करना है। अवैध हथियार, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।