13.28 लाख किसानों को कुछ देर में मिलेंगे 3,716 करोड़:2 साल का बकाया धान बोनस देगी साय सरकार...

छत्तीसगढ़ के 13.28 लाख किसानों को अब से कुछ देर में दो साल का बकाया बोनस दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बटन दबाकर 3716 करोड़ 38 लाख 96 हजार रुपए किसानों के खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करेंगे। किसानों को प्रति क्विंटल 300 रुपए की दर से बोनस राशि मिलेगी। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को भाजपा सोमवार को सुशासन दिवस के रूप में मना रही है। रायपुर के अभनपुर के ग्राम बेन्द्री में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम विष्णु देव साय मौजूद हैं।
प्रदेश के किसानों का साल 2016-17 और 2017-18 का बोनस बकाया है। बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के लिए ‘मोदी की गारंटी 2023’ नाम से संकल्प पत्र जारी किया था। इसमें किसानों को बकाया धान के बोनस देने का वादा किया गया था।
नालंदा परिसर में छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन
वहीं, रायपुर के नालंदा परिसर में जनसंपर्क विभाग की तरफ से छायाचित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है। इसमें अटल बिहारी वाजपेयी की छत्तीसगढ़ से जुड़ी स्मृतियों और पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित होते छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की योजनाओं की झलक दिखेगी। रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। साथ ही प्रत्येक जिले के साथ ही नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। नगरीय निकायों में अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं का पाठ, विचार गोष्ठी और कई प्रतियोगिताएं होंगी। इस मौके पर निर्वाचित जनप्रतिनिधि और आम नागरिक सुशासन स्थापित करने के संबंध में संकल्प लेंगे। नगरीय निकायों, ग्राम और ग्राम पंचायतों में सुशासन दिवस से आगामी एक सप्ताह तक नियमित रूप से स्वच्छता अभियान का संचालन किया जाएगा।