98.60% के साथ जिज्ञासु वर्मा बने छत्तीसगढ़ टॉपर, राज्यसभा सांसद व विधायक ने दी बधाई, पिता चलाते हैं किराना दुकान

98.60% के साथ जिज्ञासु वर्मा बने छत्तीसगढ़ टॉपर, राज्यसभा सांसद व विधायक ने दी बधाई, पिता चलाते हैं किराना दुकान

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष पलारी के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम एक साथ घोषित किए गए, जिसमें 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में सरस्वती शिशु मंदिर, पलारी के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

जैसे ही उनके टॉप करने की खबर सामने आई, उनके घर और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का तांता उनके निवास पर लग गया। परिवार, शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचकर जिज्ञासु को शुभकामनाएं दे रहे हैं। उनका पैतृक गांव गड़ा कुसमी भी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।

 पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहे जिज्ञासु

जानकारी के अनुसार, रिजल्ट घोषित होने के समय जिज्ञासु अपने माता-पिता के साथ आगे की पढ़ाई के संबंध में रायपुर गए हुए थे, इसलिए वे घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वे बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं और कक्षा 10वीं एवं 11वीं में भी उन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए थे। सरस्वती शिशु मंदिर, पलारी के छात्र के रूप में उन्होंने अनुशासन, मेहनत और नियमित अध्ययन के बल पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

किराना दुकान संचालित करते हैं पिता

जिज्ञासु वर्मा के पिता नरेंद्र वर्मा पलारी में किराना दुकान संचालित करते हैं, जबकि उनकी माता महेश्वरी वर्मा शासकीय शिक्षक के रूप में ग्राम कूकदा में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। परिवार से मिले संस्कार, शिक्षकों का मार्गदर्शन और स्वयं की निरंतर मेहनत ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राज्यसभा सांसद और विधायक ने दी बधाई

इस उपलब्धि पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कसडोल विधायक संदीप साहू ने भी जिज्ञासु वर्मा के निवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जिज्ञासु की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बलौदाबाजार जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।

इससे संबंधित खबरें पढ़े

मेरिट में बेटियों का दबदबा, 77.15% पास, अर्जुंदा स्कूल के 7 छात्र टॉप-10 में, देखें आकंड़ा- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस वर्ष कुल 77.15 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए हैं, जो पिछले साल की तुलना में करीब 5 प्रतिशत अधिक है। इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। छात्राओं का पास प्रतिशत 81%, जबकि छात्रों का 72% रहा…