भूमि रिकॉर्ड सुधार की बड़ी पहल, जशपुर में दो माह तक चलेगा नक्शा नवीनीकरण अभियान
15 जुलाई से 30 सितंबर तक चरणबद्ध अभियान, सभी राजस्व निरीक्षक मंडलों के लिए तय की गई समय-सीमा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार भू-अभिलेखों के आधुनिकीकरण को गति देने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले में 15 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक व्यापक नक्शा नवीनीकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के राजस्व अभिलेखों को अद्यतन, त्रुटिरहित और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए पुराने एवं क्षतिग्रस्त नक्शों का परीक्षण और नवीनीकरण किया जाएगा।
कलेक्टर रोहित व्यास ने वर्ष 2026-27 के लिए नक्शा नवीनीकरण का रोस्टर जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान जिले के 27 राजस्व निरीक्षक मंडलों में कार्य चरणबद्ध तरीके से संपन्न होगा।
योजना के अनुसार 766 राजस्व ग्रामों की 2,456 नक्शा शीटों का परीक्षण किया जाएगा, जबकि 214 राजस्व ग्रामों की 710 जर्जर नक्शा शीटों का नवीनीकरण किया जाएगा। प्रत्येक राजस्व निरीक्षक मंडल के लिए अलग-अलग समय-सीमा तय कर कार्ययोजना तैयार की गई है।
रोस्टर के मुताबिक अभियान की शुरुआत 15 जुलाई से मनोरा और आस्ता राजस्व निरीक्षक मंडलों से होगी। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जशपुर, लोदाम, आरा, कुनकुरी, नारायणपुर, गोरिया, दुलदुला, सिमड़ा, फरसाबहार, तपकरा, कोल्हेनझरिया, बगीचा, बिमड़ा, कुर्रोग, सरबकोम्बो, सन्ना, पंडरापाठ, कांसाबेल, दोकड़ा, पत्थलगांव, केराकछार, तमता, लुड़ेग, बागबहार और कोतबा सहित सभी चयनित मंडलों में अभियान 30 सितंबर तक पूरा किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि नक्शा नवीनीकरण के दौरान अभिलेखों की शुद्धता, गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही प्रत्येक माह की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में आयुक्त, भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़ को भेजना अनिवार्य होगा। अभियान की निगरानी के लिए सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि संबंधित पटवारियों को आवश्यक संशोधन दर्ज कर अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इस अभियान से भूमि रिकॉर्ड अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनेंगे। इससे सीमांकन, नामांतरण, भू-अभिलेख सुधार सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन में सुविधा मिलेगी तथा आम नागरिकों को भी बेहतर राजस्व सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।
suntimes 