ATM पिन देखने के बाद ट्रेन में चोरी करता था कार्ड, 12 कार्ड के साथ आरोपी गिरफ्तार

जवानों को बनाता था निशाना; चोरी के कार्ड से खरीदे 75 हजार के सोने के झुमके, अलग-अलग ATM से निकाले 22,500 रुपए

ATM पिन देखने के बाद ट्रेन में चोरी करता था कार्ड, 12 कार्ड के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई। रेलवे पुलिस ने यात्रियों के ATM कार्ड चोरी कर बैंक खातों से रकम निकालने वाले आरोपी सुनील कुमार दुबे उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। 34 वर्षीय आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का निशाना खासतौर पर सेना और सुरक्षा बलों के जवान होते थे।

आरोपी के कब्जे से 12 ATM कार्ड, एक मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और 3 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसके कई राज्यों में इस तरह की वारदातों में शामिल होने की जानकारी मिली है।

बातों में उलझाकर देख लिया था PIN

18 अप्रैल को सेक्टर-6 निवासी BSF जवान कन्हैया भगत बिहार जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन का इंतजार करते समय सुनील ने उनसे बातचीत शुरू की और परिचय बढ़ाया। इसी दौरान उसने कथित तौर पर जवान का ATM पिन देख लिया।

ट्रेन में चढ़ते समय भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी ने कन्हैया का पर्स पार कर दिया। पर्स में ATM कार्ड था। पिन की जानकारी पहले से होने के कारण उसने कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से रकम निकाल ली।

कार्ड से खरीदे सोने के झुमके

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने चोरी किए ATM कार्ड से करीब 75 हजार रुपए के सोने के झुमके खरीदे। इसके अलावा अलग-अलग ATM से 22,500 रुपए कैश निकाले गए। कुल मिलाकर 97,500 रुपए की रकम का इस्तेमाल हुआ।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोने के झुमके ग्वालियर में 50 हजार रुपए में बेच दिए। इससे पुलिस को उसके दूसरे शहरों में भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल होने का संदेह है।

कई शहरों में सामने आई गतिविधियां

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा करनाल, बेंगलुरु, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, दिल्ली निजामुद्दीन, जालंधर और हावड़ा समेत कई स्थानों पर चोरी, जेबमारी और धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हैं। अलग-अलग राज्यों में यात्रियों को निशाना बनाना उसकी कार्यशैली बताई गई है।

बैंक ट्रांजैक्शन से मिला सुराग

जवान के खाते से रकम निकलने के बाद GRP ने बैंक लेन-देन और तकनीकी जानकारी जुटाई। साइबर टीम ने भिलाई-3 GRP चौकी के साथ मिलकर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को पावर हाउस स्टेशन के पास दबोच लिया गया। पुलिस अब बरामद 12 ATM कार्ड के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।