BJP ने पूछा सवाल:40 हजार नवजात मारे गए, 7 हजार बलात्कार हुए क्या कांग्रेस को इसपर गर्व है

कांग्रेस सरकार को घेरते हुए भाजपा के नेताओं ने सोमवार को कई सवाल उठाए। रायपुर के एकात्म परिसर में मीडिया से चर्चा के दौरान भाजपा के प्रवक्ता केदार गुप्ता और अमित चिमनानी ने दावा किया कि कांग्रेस के राज में प्रदेश में कई बच्चे मारे गए और हजारों रेप हुए।
केदार गुप्ता ने पूछा कि 40 हजार नवजात शिशु की मृत्यु, 26 हजार आत्महत्या और 7 हजार बलात्कार, 4 हजार से अधिक हत्याएं 1 लाख करोड के घोटालाें पर क्या कांग्रेस को गर्व है। PSC को लेकर हुई गड़बड़ी को लेकर क्या कांग्रेस को गर्व है ?
क्या यही मॉडल लागू करेंगे
गुप्ता ने कहा- कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता लगातार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं और कह रहे हैं कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ मॉडल लागू करेंगे तो क्या पूरे देश में हत्याओं की सीरीज चलेगी या आत्महत्या की घटनाएं लगातार होगी क्या चाकूबाजी और नशाखोरी अब पूरे देश का एक-एक बच्चा करेगा। क्या यही कांग्रेस की सोच है?
क्या कांग्रेस पार्टी पूरे देश में जहां-जहां उनकी सरकार है वहां के लोगों को अपराध के लिए, नशे के लिए प्रेरित करने वाले हैं?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बीते 5 सालों में 40 हजार से ज्यादा नवजात शिशुओं की मृत्यु हो जाती है। 26 हजार से ज्यादा लोग आत्महत्या कर लेते हैं। 4 हजार से ज्यादा लोगों की हत्या कर दी जाती है। कांग्रेस सरकार के इन 5 सालों में 7600 से भी अधिक बलात्कार की घटनाएं प्रदेश में हुई है। 1 लाख करोड़ रुपए से भी अधिक घोटाले कांग्रेस के राज में हुए हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सामूहिक दुराचार दुराचार एवं अपराध की घटनाओं ने छत्तीसगढ़ को झकझोर के रख दिया है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी पेपर नहीं पढ़ते और पढ़ते भी है तो प्रियंका गांधी से ट्विट नहीं करवा पाते की लड़की हूँ लड़ सकती हूं और प्रसव करने वाली माताओं के बच्चों को सुरक्षित रख सकती हूं। शायद प्रियंका गांधी जी ट्वीट नही कर पाती इसलिए वह भूल जाती है।
किसानों की हालत बद्दतर
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने कहा कि जहां छत्तीसगढ़ में 75000 किसानों के नलकूप थे वहां भाजपा ने चार लाख से भी अधिक किसानों को नलकूप का कनेक्शन दिए, 24000 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया ताकि किसानों को 24 घंटे बिजली मिल सके किसान भाइयों के धान की सीधे खरीदी की, किसानों का अल्पकालीन ऋण 0 प्रतिशत किया, 59000 किलोमीटर सड़क बनाया, 60 हजार स्कूल, 8 मेडिकल कॉलेज, 852 बड़े पुल, 337 मध्यम पूल, 23206 पुलिया, 15 रेल्वे ओवरब्रिज, 1 रुपए एवं 2 रुपए किलो चावल, 50 हजार स्मार्ट कार्ड, कन्यादान योजना, सरस्वती सायकल योजना, प्रसास, पोटा, संकल्प जैसे आदिवासी विद्यालय बने।
कांग्रेस बोली- भाजपा का झूठ, ईडी की साजिश कुछ नहीं चलेगी
भाजपा को लेकर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा का झूठ, ईडी की साजिश कुछ नहीं चलेगा, फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। प्रदेश की जनता, किसान, नौजवान, मजदूर, माता-बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने सक्षम बनाने और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को नई ऊंचाइयों में ले जाने को फिर कांग्रेस की सरकार बनाने पंजा निशान की बटन दबायेगी और कमल फिर मुरझाएगा। कांग्रेस के प्रति जनता का भरोसा, विश्वास और पांच सालों के काम के आगे न मोदी का चेहरा चलेगा, न उनकी ईडी की कालगुजारी चलेगी। कांग्रेस प्रत्याशियों से मुकाबला में भाजपा के प्रत्याशी अपनी जमानत बचा ले यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।