MLA अमितेश शुक्ल ने राहुल को बताया नया महात्मा गांधी:कहा- राहुल गांधी सत्य बोल रहे हैं और सत्य के प्रति उनकी निष्ठा है।

MLA अमितेश शुक्ल ने राहुल को बताया नया महात्मा गांधी:कहा- राहुल गांधी सत्य बोल रहे हैं और सत्य के प्रति उनकी निष्ठा है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से लेकर लोकसभा की सदस्यता रद्द होने और उसके बाद हुए घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेता राहुल को अलग-अलग नामों से‌ सम्बोधित कर रहे हैं। कोई उन्हें राष्ट्रपुत्र कह रहा है, तो कोई सच्चा जनसेवक बता रहा है। हालिया बयान छत्तीसगढ़ में पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक अमितेश शुक्ल का है जिन्होने राहुल गांधी को नया महात्मा गांधी बताया है।

सोशल मीडिया में राहुल के समर्थन में चल रहे हैशटैग अभियान में पोस्ट करके अमितेश शुक्ल ने कहा कि महात्मा गांधी ने जब आजादी की लड़ाई लड़ी थी। तब अंग्रेजी हुकूमत ने उनको दबाने का प्रयास किया था लेकिन वे सफल नहीं हो सके और अब राहुल नए महात्मा गांधी के रूप में उभर रहे हैं।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सच बोल रहे हैं और सत्य के प्रति ही उनकी निष्ठा और समर्पण है और सत्य कभी पराजित नहीं होता।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक सत्यनारायण शर्मा ने हाल ही में राहुल गांधी को राष्ट्रपुत्र बताया था। उन्होने कहा था कि महात्मा गांधी ने देश को आजाद कराने के लिए लड़ाई लड़ी। और अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया इस देश ने महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता के नाम से संबोधित किया। इसी तर्ज पर आज राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं और 4 हजार किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर ली और दूसरे चरण की पदयात्रा शुरू करने वाले है। इसलिए पूरा देश और हम उन्हें राष्ट्रपुत्र के रूप में देखते हैं।

सत्यनारायण शर्मा ने कहा था कि देश में बड़े-बड़े आंदोलन संसद से लेकर सड़क तक हुए, जन- आंदोलन हुए और वो लोग जीते भी। अंग्रेजो के समय जो आंदोलन हुआ उसमें जीत मिली और देश को आजादी मिली। वैसे ही हम जनता के बीच में जाएंगे और जीत हमारी होगी।