NH-53 पर भीषण हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में ड्राइवर की मौत

खुर्सीपार थाना क्षेत्र में हादसा; स्टेयरिंग में फंसा चालक, कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया शव

NH-53 पर भीषण हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में ड्राइवर की मौत

दुर्ग। नेशनल हाईवे-53 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की जान चली गई। तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से हुई जोरदार भिड़ंत में चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

दुर्ग जिले में नेशनल हाईवे 53 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर में एक चालक की मौत हो गई। हादसा कुर्सीपार थाना क्षेत्र में हुआ, जहां घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सीधे उससे जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में पीछे वाले ट्रक का चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात को संभाला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।