अपराध नियंत्रण पर सख्त हुए दुर्ग SSP, थाना प्रभारियों को 16 सूत्रीय कार्ययोजना लागू करने के निर्देश

आदतन अपराधियों, फरार वारंटियों और नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई के साथ डिजिटल पुलिसिंग पर जोर

अपराध नियंत्रण पर सख्त हुए दुर्ग SSP, थाना प्रभारियों को 16 सूत्रीय कार्ययोजना लागू करने के निर्देश

दुर्ग-भिलाई। जिले में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दुर्ग पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपराधों की रोकथाम, विवेचना की गुणवत्ता, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा प्रशासनिक अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को 16 बिंदुओं पर विशेष रूप से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों की विवेचना त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। इसके साथ ही आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और फरार वारंटियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी ने अवैध हथियार, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर जोर दिया। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन थाना गणना उपस्थित सुनिश्चित करें तथा स्थानीय स्तर पर मिलने वाली जन-शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। गंभीर मामलों में थाना प्रभारी द्वारा स्वयं एफआईआर दर्ज करने की जिम्मेदारी तय की गई।

बैठक में सभी आरक्षकों के लिए ए-बी नोटबुक संधारण अनिवार्य करते हुए उसका साप्ताहिक निरीक्षण थाना प्रभारी द्वारा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना मुख्यालय में रात्रि मुकाम सुनिश्चित करने और रात्रिकालीन गश्त के प्वाइंट बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए नेफिस (NAFIS) प्रणाली, ई-चालान, ई-समन और ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। विधानसभा सत्र को ध्यान में रखते हुए बीट व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा बीट प्रभारियों को सक्रिय रखने की बात कही गई।

मादक पदार्थों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने गांजा एवं अन्य नशे के अवैध कारोबार पर एनडीपीएस एवं आबकारी अधिनियम के तहत निरंतर कार्रवाई करने को कहा। जब्त मादक पदार्थों, वाहनों एवं शराब के मामलों का वैधानिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।