1.99 लाख लोगों का राशन खतरे में! 28 फरवरी तक नहीं कराया ये काम तो… जानें पूरी जानकारी

1.99 लाख लोगों का राशन खतरे में! 28 फरवरी तक नहीं कराया ये काम तो… जानें पूरी जानकारी

हितग्राहियों को 28 फरवरी तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।

दुर्ग जिले में ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ योजना के अंतर्गत आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न वितरण किया जाना है। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कुल 4 लाख 96 हजार 354 राशनकार्ड प्रचलन में हैं, जिनमें 16 लाख 86 हजार 164 सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से 14 लाख 86 हजार 690 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है, जबकि 1 लाख 99 हजार 474 सदस्यों का ई-केवाईसी अब तक नहीं कराया गया है।

ऐसे हितग्राहियों को 28 फरवरी तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।

‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप के माध्यम से भी ई-केवाईसी की सुविधा

खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया ने बताया कि सभी राशन दुकानों में संचालित ई-पास मशीन के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा जारी ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप के माध्यम से भी ई-केवाईसी कराई जा सकती है। इसके लिए एंड्रॉयड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर राज्य का चयन, आधार नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से फेस ई-केवाईसी की जा सकती है। उन्होंने राशनकार्डधारकों से अपील की है कि जिन सदस्यों का ई-केवाईसी शेष है, वे समीपस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकान या ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप के माध्यम से समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी अवश्य कराएं।