दुर्ग में हैवानियत की हद, खेलने से रोका तो 65 वर्षीय बुजुर्ग ने ढाई साल के मासूम पर टंगिया से किया हमला
उतई थाना क्षेत्र के जोरातरई गांव की घटना, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती बच्चा, आरोपी हिरासत में
दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातरई में एक बुजुर्ग ने मामूली विवाद में हैवानियत की सारी सीमाएं पार कर दीं। घर में खेलने से मना करने पर पड़ोसी के ढाई साल के मासूम पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उतई थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातरई में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 65 वर्षीय परदेशी देवांगन ने पड़ोसी के महज ढाई साल के मासूम बच्चे पर टंगिया से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बुजुर्ग बच्चे के घर में खेलने से नाराज़ था। गुस्से में आपा खो बैठे परदेशी देवांगन ने मासूम पर अचानक वार कर दिया।
हमले में बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के व्यवहार से पुलिस भी हैरान है, क्योंकि उसमें किसी तरह का पछतावा नजर नहीं आया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
suntimes 