भिलाई में पहली नेशनल मैराथन, 3 हजार से ज्यादा धावकों ने लगाई दौड़

21, 10 और 5 किमी की रेस में देशभर से पहुंचे खिलाड़ी, फिट इंडिया मूवमेंट को मिला जोरदार समर्थन

भिलाई में रविवार को पहली बार आयोजित नेशनल मैराथन ने पूरे शहर को दौड़ और फिटनेस के उत्साह से भर दिया। तड़के सुबह से ही जयंती स्टेडियम में रौनक देखने को मिली, जहां देश के विभिन्न राज्यों से आए तीन हजार से अधिक एथलीटों ने अलग-अलग श्रेणियों में हिस्सा लिया।

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की ओर से आयोजित पहली नेशनल मैराथन रविवार को भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक आयोजन में 3 हजार से अधिक धावकों ने भाग लेकर फिटनेस और खेल भावना का संदेश दिया। हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से खिलाड़ी भिलाई पहुंचे।

तीन कैटेगरी में हुई दौड़

मैराथन को तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया। इसमें 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ शामिल थी। अलग-अलग आयु वर्ग के धावकों ने इन श्रेणियों में भाग लिया। सुबह 4 बजे से ही जयंती स्टेडियम परिसर धावकों और दर्शकों से गुलजार रहा।

जुम्बा और दर्शकों से बना उत्सवी माहौल

कार्यक्रम के दौरान जुम्बा सेशन ने माहौल में जोश भर दिया। बड़ी संख्या में लोग केवल इस आयोजन को देखने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए भी पहुंचे। पूरे शहर में मैराथन को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

हर साल होगा आयोजन

इस अवसर पर बीएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज चितरंजन महापात्र ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत भिलाई में पहली बार नेशनल मैराथन का आयोजन किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि यह आयोजन अब हर वर्ष नियमित रूप से किया जाएगा।

8 लाख के पुरस्कार वितरित

मैराथन में कुल 8 लाख रुपये के पुरस्कार बांटे गए। 21 किलोमीटर की श्रेणी में पुरुष और महिला विजेताओं को 50-50 हजार रुपये की नगद राशि दी गई। इसी तरह 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भी विजेताओं को समान पुरस्कार प्रदान किए गए।

विजेताओं ने दिया फिटनेस का संदेश

21 किलोमीटर दौड़ की 45 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले आरिफ अली ने बताया कि वे पहली बार छत्तीसगढ़ आए हैं और यहां का अनुभव शानदार रहा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता कड़ी थी, लेकिन तैयारी मजबूत होने से सफलता मिली। आरिफ ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल से जुड़े रहने की अपील की।

महिला वर्ग में अनुभव ने दिलाई जीत

21 किलोमीटर की 45 वर्ष से अधिक आयु की महिला श्रेणी में महाराष्ट्र से आई 50 वर्षीय धाविका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।