कसोल के होटल से रायपुर तक नशे का कारोबार, ड्रग्स केस में 3 को उम्रकैद जैसी 20 साल की सजा
नाइजीरियाई नागरिक और स्थानीय आरोपियों के बीच जुड़ी थी सप्लाई की कड़ी, कोकीन, चरस और एमडीएमए की खेप पहुंचाने के लिए मिलता था 25 हजार रुपए कमीशन
रायपुर। पर्यटन स्थल कसोल के एक होटल से रायपुर तक मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले गिरोह के मामले में विशेष एनडीपीएस अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है। न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी को 20-20 साल के कारावास की सजा सुनाई। मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। अभियोजन पक्ष ने अपने मामले के समर्थन में 20 गवाहों के बयान प्रस्तुत किए थे।
सरकारी अधिवक्ता स्वामी शर्मा के अनुसार, इस गिरोह के तार हिमाचल प्रदेश के कसोल, दिल्ली और रायपुर तक जुड़े थे। आरोपी कथित तौर पर विदेशी नागरिकों और अन्य सप्लायरों से ड्रग्स प्राप्त कर अलग-अलग माध्यमों से इसकी आपूर्ति करते थे।
होटल बना था सप्लाई नेटवर्क का ठिकाना
पुलिस जांच के अनुसार, कसोल स्थित होटल एप्पल पाई इस नेटवर्क की गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। आर्यन ठाकरे होटल में मैनेजर के रूप में काम करता था। उसने अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री के साथ होटल लीज पर लिया था। जांच में सामने आया कि आर्यन को रायपुर तक नशीले पदार्थ पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाती थी।
पुलिस ने आर्यन के कब्जे से 65.50 ग्राम कोकीन बरामद की थी। पूछताछ में उसने बताया था कि सितंबर 2024 में सत्यप्रकाश शास्त्री ने उसे सफेद पाउडर का पैकेट दिया था, जिसे लेकर वह रायपुर आया था।
नरैया तालाब के पास होनी थी खेप की डिलीवरी
जांच में सामने आया कि आर्यन को 25 सितंबर 2024 की सुबह नरैया तालाब के पास पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। वहां अभिषेक साहू या उसका कोई सहयोगी खेप लेने आने वाला था। डिलीवरी की जगह और समय की जानकारी मोबाइल तथा वॉट्सऐप के माध्यम से दी जाती थी।
कमल विहार में कार्रवाई से खुला मामला
इस पूरे प्रकरण की शुरुआत 23 सितंबर 2024 को हुई पुलिस कार्रवाई से हुई थी। टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक के पास ऑक्सीजोन के समीप शुभम सोनी को पकड़ा था। उसके पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 एमडीएमए टैबलेट और अन्य सामग्री मिली थी।
पुलिस ने मौके से पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, एक लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। इसके बाद पूछताछ और अन्य आरोपियों के बयानों के आधार पर नेटवर्क की जांच आगे बढ़ी।
डिजिटल चैट और बैंक खातों से होती थी खरीदारी
पुलिस जांच में अभिषेक साहू उर्फ चीनी की भूमिका भी सामने आई थी। उसके बयान के मुताबिक, वह शुभम से रकम लेकर अमनदीप छाबड़ा द्वारा बताए गए बैंक खातों में जमा करवाता था। इसके बाद सोशल मीडिया के जरिए ड्रग्स की तस्वीरें और लोकेशन भेजी जाती थीं।
अभिषेक ने जांच के दौरान बताया था कि उसे प्रत्येक खेप की आपूर्ति पर 25 हजार रुपए कमीशन मिलता था। उसने करीब तीन लाख रुपए नाजरे आलम नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में जमा कराने की बात भी कही थी।
दिल्ली और विदेशी संपर्कों से मिलती थी खेप
अमनदीप छाबड़ा के बयान के मुताबिक, ड्रग्स की खरीद में नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और दिल्ली में सक्रिय अन्य लोगों की भूमिका थी। इनोसेंट से कोकीन और एमडीएमए तथा अन्य संपर्कों से चरस प्राप्त करने की बात सामने आई थी। इसके बाद आर्यन ठाकरे के माध्यम से खेप रायपुर भेजी जाती थी, जहां अभिषेक साहू इसकी बिक्री करता था।
suntimes 